सोनीपत के कुंडली में प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग, 7 घंटे बाद भी नहीं बुझी, 12 दमकल गाड़ियां लगीं
सोनीपत। कुंडली औद्योगिक क्षेत्र (दिल्ली बॉर्डर के पास) स्थित प्लेसरो इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड नाम की चार मंजिला फैक्ट्री में आज सुबह करीब 5 बजे भीषण आग लग गई।
फैक्ट्री में पानी की बोतल और घरेलू प्लास्टिक सामान का निर्माण किया जाता है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फैक्ट्री की ऊपरी मंजिल से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते पूरी चार मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। अंदर भारी मात्रा में प्लास्टिक और कच्चा माल होने के कारण आग विकराल रूप ले चुकी है।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए सोनीपत के अलावा पानीपत और दिल्ली से भी दमकल की गाड़ियों को बुलाया गया। कुल 10 से 12 दमकल गाड़ियां पिछले 7 घंटे से अधिक समय से आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही हैं। धुआं इतना घना है कि शुरुआती 5 घंटे तक दमकलकर्मी फैक्ट्री के अंदर प्रवेश भी नहीं कर पाए।
राहत की बात यह है कि आज रविवार को अवकाश होने के कारण फैक्ट्री में कर्मचारी मौजूद नहीं थे, इसलिए इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। हालांकि आग से फैक्ट्री में रखे तैयार माल और मशीनरी को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
वहीं फैक्ट्री प्रबंधन से जुड़े लोगों ने दमकल गाड़ियों के देरी से पहुंचने का आरोप लगाया है। फिलहाल दमकल विभाग आग को आसपास की अन्य फैक्ट्रियों में फैलने से रोकने में कामयाब रहा है और आग बुझाने का कार्य जारी है।











