Spread the love

1857 की क्रांति के महानायक बाबा शाहमल को 169वें शहादत दिवस पर दी गयी श्रद्धांजलि

बागपत, उत्तर प्रदेश। विवेक जैन। दर्शन समीक्षा

1857 की प्रथम स्वतंत्रता क्रांति के महानायक एवं अमर शहीद बाबा शाहमल सिंह तोमर का 169वां शहादत दिवस बिजरौल गांव स्थित श्री शाहमल स्मारक इंटर कॉलेज में श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-यज्ञ से हुआ, जिसके पश्चात बाबा शाहमल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों तथा विभिन्न खापों के चौधरियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री केपी मलिक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होने कहा कि बाबा शाहमल सिंह तोमर का बलिदान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। उनके साहस, संगठन क्षमता और राष्ट्रप्रेम से आज की युवा पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए। श्रद्धांजलि सभा में आर्य प्रतिनिधि सभा बागपत के मंत्री रवि शास्त्री ने कहा कि बाबा शाहमल सिंह तोमर ने अंग्रेजों को देश से बाहर निकालने के उद्देश्य से किसानों और ग्रामीणों को संगठित कर लगभग 6,000 लोगों की एक सशक्त सेना तैयार की थी, जिसने ब्रिटिश साम्राज्य की नींव हिला दी थी। खिदमत सोसायटी के अध्यक्ष डॉ इरफान मलिक ने कहा कि बाबा शाहमल की कार्यप्रणाली प्रशासनिक कुशलता और सैन्य रणनीति का अद्भुत उदाहरण थी। उन्होंने बताया कि ब्रिटिश इतिहासकार एरिक स्टोक्स ने भी अपनी पुस्तकों में स्वीकार किया है कि बाबा शाहमल ने बड़ौत क्षेत्र में ईस्ट इंडिया कंपनी के शासन को पूरी तरह उखाड़ फेंका था। एशियन चैम्पियन सुभाष पहलवान मलकपुर ने कहा कि बाबा शाहमल का योगदान भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन की अमूल्य धरोहर है, जिसको कभी भी भुलाया नही जा सकेगा। कार्यक्रम का आयोजन क्रांतिकारी बाबा शाहमल के पड़पौत्र एवं पूर्व कमांड़ो रमेश फौजी द्वारा किया गया, जबकि मंच संचालन पूर्व प्रधान अशोक भूत ने किया। इस अवसर पर सुमित तोमर, जितेन्द्र धामा, कर्नल ब्रह्म पाल तोमर, महामहिम राष्ट्रपति एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार विपुल जैन, चौधरी रामकुमार, रविन्द्र चौधरी, कैप्टन विनोद, कर्नल ब्रहमपाल तोमर, बिजेन्द्र तोमर बिजवाड़ा, सर्व खाप ब्राह्मण समाज खेकड़ा-360 के चौधरी उमेश शर्मा, थाम्बा चौधरी राजेश शर्मा, देवेन्द्र, विजेन्द्र, विनोद तोमर, उपेन्द्र प्रधान, बबलू, सतबीर, राजीव मान, कुलदीप तोमर, कृष्णपाल, ओमवीर तोमर, राजू तोमर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, शिक्षक, विद्यार्थी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *