अमेरिका में अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में 30 साल के एक भारतीय इंजीनियर को गिरफ्तार किया गया है. लगभग नौ महीने पहले आरोपी की पत्नी अपने अपार्टमेंट में मृत पाई गई थी. वाशिंगटन के शहर बेलेव्यू की पुलिस का कहना है कि अविनाश नार्ने ने अपनी 27 साल की पत्नी राजिता सबिनेनी का गला घोंटकर हत्या कर दी थी. लेकिन जब उसने पिछले साल अक्टूबर में यह अपराध किया तो क्राइम सीन को बदलकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की.
घटना 27 अक्टूबर, 2025 की है. उस दिन सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट इंजीनियर नार्ने ने पुलिस को फोन करके बताया कि उनकी पत्नी बाथरूम में बंद हैं और बाहर नहीं आ रही हैं. जब पुलिस ने बाथरूम का दरवाजा तोड़ा, तो उन्हें सबिनेनी फर्श पर पड़ी मिलीं. अधिकारियों ने उन्हें घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया. उस समय पूछताछ के दौरान नार्ने ने शुरू में पुलिस को बताया कि वह 27 अक्टूबर को कुछ काम से अपार्टमेंट से बाहर गया था. जब वह लगभग 40 मिनट बाद घर लौटा, तो उसने सबिनेनी को बाथरूम में बंद पाया.”
घटना वाले दिन, नार्ने ने अपनी गर्लफ्रेंड को कम से कम चार बार फोन किया था. इनमें से एक कॉल उस समय भी किया गया था जब उसने पुलिस को बताया था कि वह बंद बाथरूम में घुसने की कोशिश कर रहा था. अधिकारियों ने बताया कि उसने अपनी पत्नी की लाश की तस्वीर भी अपनी गर्लफ्रेंड को भेजी थी. अधिकारियों को सबिनेनी के नार्ने को भेजे गए टेक्स्ट मैसेज भी मिले, जिनमें उसने कई बार शिकायत की थी कि नार्ने ने उसके लिए जो ड्रिंक बनाई थी, उसका स्वाद कड़वा था. अपनी मौत के दिन, उसने अपने पति को मैसेज किया था कि उसने जो स्मूदी बनाई थी, उसका स्वाद दवा और कफ सिरप जैसा था.












Leave a Reply