यूट्यूबर के घर से एक किलो सोना और कैश चोरी, रील्स में खजाना दिखाना पड़ा भारी
यूट्यूबर ने सोशल मीडिया पर अक्सर दिखाए गहने और पैसे
तमिलनाडु के कन्याकुमारी में एक YouTuber के घर से 118 सॉवरेन सोना और नकदी चोरी हो गया. दक्षिण भारत में सोने की मात्रा बताने के लिए ‘सॉवरेन’ शब्द का इस्तेमाल किया जाता है. एक सॉवरेन करीब 8 ग्राम के बराबर होता है. यानी 118 सॉवरेन करीब 944 ग्राम सोना बैठता है. इसके अलावा घर से नकदी चोरी होने की बात भी सामने आई है. अब पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं सोशल मीडिया पर दिखाई जाने वाली दौलत से चोरों को घर में मौजूद कीमती सामान की भनक तो नहीं लगी थी
मामला कन्याकुमारी जिले के थम्माथुकोनम इलाके का है. यहां VIP Garden में YouTuber विनोद कुमार अपनी पत्नी मधुमिता के साथ रहते हैं. रात के वक्त अज्ञात लोगों ने घर के पीछे का दरवाजा तोड़ा. इसके बाद वे घर के अंदर दाखिल हुए. घर में रखे सोने के गहने और नकदी पर हाथ साफ किया और वहां से निकल गए. चोरी कितने बजे हुई, चोर कितने थे और वे किस रास्ते से आए और गए, इसकी तस्वीर अभी पूरी तरह साफ नहीं है. लेकिन चोरी के बाद जब मामला पुलिस तक पहुंचा तो जांच शुरू हो गई।











