Spread the love

हजारों समर्थकों की मौजूदगी में नई राजनीतिक पार्टी का शुभारंभ, 2027 में तीसरे विकल्प बनने का दावा

भ्रष्टाचार के खिलाफ बिगुल, सोनिया शर्मा ने की जन निर्माण पार्टी की घोषणा

रुड़की:- उत्तराखंड की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत करते हुए खानपुर विधायक उमेश कुमार की पत्नी सोनिया शर्मा ने रविवार को हजारों समर्थकों की मौजूदगी में जन निर्माण पार्टी के गठन की औपचारिक घोषणा कर दी। दिल्ली रोड स्थित एक होटल में आयोजित भव्य कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों और विधानसभा क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने नई पार्टी के प्रति अपना समर्थन जताया और बड़ी संख्या में लोगों ने सदस्यता ग्रहण की।पार्टी अध्यक्ष सोनिया शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि जन निर्माण पार्टी का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ना और जनता को एक मजबूत एवं ईमानदार राजनीतिक विकल्प देना है।उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता लंबे समय से पारंपरिक राजनीतिक दलों से निराश है और अब एक ऐसे मंच की आवश्यकता है जो आम लोगों की आवाज को मजबूती से उठाए।सोनिया शर्मा ने दावा किया कि आने वाले दिनों में भाजपा और कांग्रेस समेत अन्य दलों के कई प्रभावशाली नेता जन निर्माण पार्टी का दामन थामेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जन निर्माण पार्टी प्रदेश में तीसरे मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरेगी।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खानपुर विधायक उमेश कुमार ने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक दल की शुरुआत नहीं, बल्कि हरिद्वार और उत्तराखंड को भ्रष्टाचार से मुक्त कराने का अभियान है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज हरिद्वार जिले में भ्रष्टाचार चरम पर है और जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाने वाला कोई प्रभावी नेतृत्व दिखाई नहीं देता उमेश कुमार ने कहा कि जन निर्माण पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष करेगी और आने वाले विधानसभा चुनाव में हरिद्वार जिले से पांच से सात विधायक जीतकर विधानसभा पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि जब जिले की मजबूत भागीदारी विधानसभा में होगी तभी क्षेत्र की समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव हो सकेगा। नई पार्टी की घोषणा को लेकर समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान एक समर्थक ने सोनिया शर्मा को चांदी का मुकुट भेंट किया, जबकि कई लोगों ने स्मृति चिह्न और उपहार देकर उनका स्वागत किया।कार्यक्रम का एक आकर्षण तब बना जब राव सज्जाद छह जेसीबी मशीनों के काफिले के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार को यह समझ लेना चाहिए कि उमेश कुमार के पास भी “पीला पंजा” है और जनता की ताकत उनके साथ खड़ी है।इस अवसर पर सभासद विक्रांत चौधरी, कविता चौधरी, राव मोईन, राव सज्जाद, दंड गोविंद, नदीम, शाहबुद्दीन, सोनू, आरिफ प्रधान, भूरा, सुनीता चौधरी, देवराज तोमर सहित अनेक सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने जन निर्माण पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी को मजबूत करने का संकल्प लिया।जन निर्माण पार्टी की घोषणा को उत्तराखंड की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। बड़ी संख्या में जुटी भीड़ और विभिन्न दलों से जुड़े लोगों की मौजूदगी ने यह संकेत दिया है कि आने वाले समय में यह नई पार्टी प्रदेश की राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित करने का प्रयास करेगी। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जन निर्माण पार्टी अपने संगठनात्मक विस्तार और राजनीतिक दावों को जमीन पर कितना उतार पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *