कानपुर//डीएम के सामने फफक कर रो पड़ी 76 वर्षीय बुजुर्ग मां, बेटी ने पीटकर घर से निकाला

Spread the love

कानपुर: डीएम के सामने फफक कर रो पड़ी 76 वर्षीय बुजुर्ग मां, बेटी ने पीटकर घर से निकाला था

कानपुर उत्तर प्रदेश के कानपुर कलेक्ट्रेट में शनिवार को आयोजित ‘जनता दर्शन’ के दौरान एक हृदय विदारक दृश्य देखने को मिला। तहसील सदर के दूल गांव की रहने वाली 76 वर्षीय सरस्वती देवी अपनी फरियाद लेकर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के पास पहुंचीं। डीएम के सामने हाथ जोड़कर खड़ी बुजुर्ग महिला की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।
सरस्वती देवी ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई कि उनकी सगी बेटी प्रेमशान्ती ने उनके साथ न केवल मारपीट की, बल्कि उन्हें घर से धक्के मारकर बाहर निकाल दिया। बेबस मां ने बताया कि बेटी ने घर पर कब्जा कर लिया है और वह अब फुटपाथ पर रहने को मजबूर हैं। बुजुर्ग महिला की व्यथा सुनकर वहां मौजूद अधिकारी और कर्मचारी भी भावुक हो गए।

प्रशासन की त्वरित
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल कड़े निर्देश जारी किए। उनके आदेश पर एसडीएम सदर भारी पुलिस बल के साथ बुजुर्ग महिला को लेकर उनके गांव पहुंचे। वहां करीब दो घंटे तक चली काउंसलिंग और कानूनी चेतावनी के बाद बेटी का हृदय परिवर्तन हुआ और उसने अपनी गलती स्वीकार की।

प्रशासन ने बुजुर्ग महिला को सम्मानपूर्वक उनके घर में पुनः प्रवेश कराया। एसडीएम ने स्थानीय लेखपाल और पुलिस को निर्देश दिए हैं कि वे महिला की सुरक्षा और हाल-चाल की नियमित निगरानी करें। जिलाधिकारी की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में काफी प्रशंसा हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *