सहारनपुर//राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आरक्षी से उपनिरीक्षक पद पर आउट ऑफ टर्न प्रोन्नति

Spread the love

राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आरक्षी से उपनिरीक्षक पद पर आउट ऑफ टर्न प्रोन्नति

सहारनपुर । जनपद सहारनपुर में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर जनपद और उत्तर प्रदेश पुलिस का नाम रोशन करने वाले दो खिलाड़ियों को आरक्षी से उपनिरीक्षक (सब इंस्पेक्टर) पद पर आउट ऑफ टर्न प्रोन्नति प्रदान की गई। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर अभिनंदन सिंह ने दोनों खिलाड़ियों के कंधों पर उपनिरीक्षक के प्रतीक चिन्ह लगाकर उन्हें सम्मानित किया।बताया गया कि वर्ष 2023 में कुशल खिलाड़ी कोटे से आरक्षी पद पर भर्ती हुए इन खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसके उपलक्ष्य में उन्हें यह विशेष प्रोन्नति दी गई।

इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अपने खेल कौशल, अनुशासन और समर्पण से न केवल उत्तर प्रदेश पुलिस बल्कि सहारनपुर जनपद का भी नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ये खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विभाग और देश का नाम रोशन करेंगे तथा अन्य पुलिस कर्मियों और युवाओं के लिए प्रेरणा बनेंगे। पुलिस लाइन सहारनपुर में तैनात मानवेन्द्र चौधरी ने वर्ष 2024 में आयोजित 67वीं राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता की 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। वहीं पुलिस लाइन सहारनपुर में तैनात मनीषा पाल ने वर्ष 2023 में आयोजित 66वीं राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता की 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर उत्तर प्रदेश पुलिस का गौरव बढ़ाया। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने दोनों अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ सेवाएं देने तथा खेलों में लगातार बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *