कोणार्क विद्यापीठ खेकड़ा की वैष्णवी यादव ने तीन स्वर्ण पदक जीतकर रचा इतिहास
- जैवलिन थ्रो, गोला फेंक और लंबी कूद में गोल्ड मेडल हासिल कर बागपत का नाम किया रोशन, विद्यालय में खुशी की लहर
बागपत, उत्तर प्रदेश। विवेक जैन। दर्शन समीक्षा
प्रतिभा, लगन और कड़ी मेहनत के दम पर कोणार्क विद्यापीठ खेकड़ा की होनहार छात्रा वैष्णवी यादव ने खेल जगत में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए ऐसी उपलब्धि हासिल की है, जिस पर पूरा बागपत जनपद गर्व महसूस कर रहा है। वैष्णवी ने लखनऊ में आयोजित उत्तर प्रदेश पुलिस परिवार की 35वीं खेल प्रतियोगिता में तीन स्वर्ण पदक जीतकर न केवल अपने विद्यालय और परिवार का नाम रोशन किया, बल्कि 15 वर्ष तक की बालिका वर्ग में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (बेस्ट एथलीट गर्ल) का खिताब भी अपने नाम किया। वैष्णवी यादव ने प्रतियोगिता में जैवलिन थ्रो (भाला फेंक), गोला फेंक और लंबी कूद जैसी तीनों स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किए। उनकी इस सफलता ने साबित कर दिया कि यदि लक्ष्य के प्रति समर्पण और मेहनत का जज्बा हो तो छोटी उम्र में भी बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। वैष्णवी कोणार्क विद्यापीठ खेकड़ा में कक्षा नौ की छात्रा हैं। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष और उत्साह का माहौल है। वैष्णवी के पिता संदीप यादव लखनऊ पुलिस लाइन में मुख्य आरक्षी के पद पर तैनात हैं। वैष्णवी का जन्म 8 अगस्त 2012 को हुआ है। उन्होंने अंडर-12 से 15 बालिका वर्ग में प्रतिभाग करते हुए तीनों खेल स्पर्धाओं में अपनी श्रेष्ठता साबित की। लखनऊ में 21 और 22 नवंबर को 35वीं वाहिनी के स्पोर्ट्स सिंथेटिक ट्रैक पर आयोजित इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश पुलिस परिवार के करीब 800 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच वैष्णवी ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, आत्मविश्वास और दमदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया। रविवार को उत्तर प्रदेश पुलिस के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने प्रतियोगिता का समापन किया। इस अवसर पर वैष्णवी को तीन स्वर्ण पदक और सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के खिताब से सम्मानित किया गया। कोणार्क विद्यापीठ के लिए भी यह उपलब्धि विशेष गौरव का विषय है। कोणार्क विद्यापीठ खेकड़ा के प्रबन्धक देवेन्द्र धामा ने कहा कि विद्यालय की छात्रा वैष्णवी यादव ने अपनी सफलता से यह संदेश दिया है कि शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी निरंतर मेहनत और समर्पण के माध्यम से नई ऊंचाइयों को छुआ जा सकता है। वैष्णवी की इस शानदार उपलब्धि पर उनके परिजनों, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। तीन स्वर्ण पदकों के साथ सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब हासिल करने वाली वैष्णवी आज अन्य विद्यार्थियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा बनकर उभरी हैं। महामहिम राष्ट्रपति जी व उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार विपुल जैन ने कहा कि वैष्णवी यादव की यह सफलता निश्चित रूप से जनपद बागपत के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है।











