चलती ट्रेन से पकड़ाया सिंगरौली बैंक डकैती का आरोपी पुलिस ने बैंक लूट के 15 लाख रुपये नकद और 10 लाख रुपये के आभूषण के साथ डेहरी-ऑन-सोन से गिरफ्तार कर लिया है।

Spread the love

सिंगरौली, बिहार के नालंदा जिले के निवासी कमलेश को मध्य प्रदेश पुलिस ने बैंक लूट के 15 लाख रुपये नकद और 10 लाख रुपये के आभूषण के साथ डेहरी-ऑन-सोन से गिरफ्तार कर लिया है। डेहरी-ऑन-सोन के पास चलती ट्रेन से पकड़ा गया है। सिंगरौली पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को मध्य प्रदेश के सिंगरौली में कमलेश ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर बैंक में डकैती डाली थी, जिसमें करीब 20 लाख रुपये नकद और करोड़ों रुपये के आभूषण लूट ले गए थे। कमलेश का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और उस पर पहले भी लूट व डकैती के मामले दर्ज रहे हैं। पुलिस अब इन मामलों की भी जांच कर रही है।
मध्य प्रदेश के सिंगरौली में हुई बैंक डकैती का आरोपी सिंगरौली-पटना एक्सप्रेस से पटना जा रहा था। ट्रेन जब नवीनगर पहुंची, तो डेहरी रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं और उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया। शुरुआती पूछताछ में आरोपी घबरा गया और गलत जानकारी देने लगा। इसके बाद सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पूरी सच्चाई उगल दी। तलाशी के दौरान RPF ने उसके पास से 15 लाख रुपये से अधिक नकद और करीब 61 ग्राम सोने के गहने बरामद किए।
उल्लेखनीय है की कमलेश ने अपने साथियों के साथ मिलकर महज 10 मिनट में बैंक से करीब 20 लाख रुपये नकद और करोड़ों का सोना लूट लिया था और फरार हो गया था। लूटे गए सोने की कीमत लगभग 10 से 15 करोड़ रुपए के बीच आंकी गई है। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी अलग-अलग दिशाओं में भाग निकले थे। इस मामले में रेलवे एएसपी आलोक कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी कमलेश कुमार डकैती में मिले अपने हिस्से का पैसा लेकर सिंगरौली-पटना एक्सप्रेस से फरार होने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर गश्त कर रहे आरपीएफ जवान उमाकांत और एमडी नाजिम को उस पर शक हुआ। दोनों ने तुरंत इसकी सूचना आरपीएफ इंस्पेक्टर रामविलास राम को दी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *