दिल्ली पुलिस में भर्ती के नाम पर साइबर ठगी फर्जी इंस्पेक्टर ने फोटो एडिट कर युवती से ऐंठे 51 हजार
गोविंदगढ़ की युवती बनी ब्लैकमेलिंग का शिकार, बदनामी के डर से भेजे 50,900 रुपये
एसपी ऑफिस में शिकायत के बाद जांच शुरू
रीवा। नौकरी का झांसा देकर साइबर ठगी का नया मामला सामने आया है। गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र की एक युवती को दिल्ली पुलिस में भर्ती के नाम पर फंसाकर 51 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। आरोपी ने युवती की फोटो एडिट कर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया।
व्हाट्सएप डीपी में वर्दी देखकर फंस गई युवती
पीड़िता ने दिल्ली पुलिस की भर्ती परीक्षा दी थी। कुछ समय पहले उसके पास एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को इंस्पेक्टर उपेंद्र कुमार बताया और कहा कि वह दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम में तैनात है। आरोपी ने नौकरी पक्की कराने के नाम पर सर्टिफिकेट के लिए युवती से फोटो और व्हाट्सएप डिटेल मांगी। पुलिस की वर्दी वाली डीपी देखकर युवती झांसे में आ गई और अपनी फोटो भेज दी। फोटो मिलते ही आरोपी का असली चेहरा सामने आ गया।
एडिट फोटो दिखाकर मांगे पैसे
आरोपी ने युवती की तस्वीरों को आपत्तिजनक तरीके से एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। उसने कहा कि वह युवती को कहीं का नहीं छोड़ेगा। बदनामी के डर से युवती ने पहले 2 हजार रुपये भेजे। इसके बाद आरोपी लगातार पैसे मांगता रहा।
परिवार संग पहुंची एसपी ऑफिस
डर के कारण युवती अब तक कुल 50 हजार 900 रुपये भेज चुकी है। पैसे देने के बाद हिम्मत जुटाकर वह परिवार के साथ एसपी कार्यालय पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।
जांच में जुटी पुलिस
एडिशनल एसपी संदीप मिश्रा ने बताया कि यह साइबर फ्रॉड का मामला है। नौकरी के नाम पर युवती से ठगी की गई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील
रीवा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नौकरी के नाम पर फोन या मैसेज आने पर तुरंत सत्यापन करें। किसी भी अनजान व्यक्ति को अपनी फोटो, ओटीपी या बैंक डिटेल न दें। ठगी होने पर 1930 पर कॉल करें।











Leave a Reply