ज्वैलरी शोरूम पर धावा, लाखों की ज्वैलरी लेकर फरार हुए चोर
रुड़की: अम्बर तालाब क्षेत्र में देर रात चोरों ने एक ज्वैलरी की दुकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दे डाला। बेखौफ चोर दुकान से लाखों रुपये की ज्वैलरी समेटकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मिली जानकारी के अनुसार अम्बर तालाब स्थित ज्वैलरी दुकान के स्वामी विनोद खन्ना अपने परिवार के साथ दुकान के ऊपर बने मकान में सो रहे थे। इसी दौरान देर रात चोर दुकान में घुस गए और वहां रखी सोने-चांदी की कीमती ज्वैलरी पर हाथ साफ कर दिया। दुकान स्वामी का कहना है कि चोर पूरी दुकान खाली करके गए हैं और दुकान में लाखों रुपये की ज्वैलरी रखी हुई थी।बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने पूरी तैयारी कर रखी थी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में चोरों की गतिविधियां कैद हुई हैं। फुटेज के अनुसार चोर एक सफेद रंग की कार में सवार होकर पहुंचे थे। इतना ही नहीं, उन्होंने वारदात के दौरान आसपास के कुछ घरों के दरवाजों को बाहर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया, ताकि कोई बाहर निकलकर उन्हें देख न सके या विरोध न कर सके।घटना का खुलासा सुबह उस समय हुआ जब पड़ोस का एक दुकानदार अपनी दुकान खोलने पहुंचा। उसने ज्वैलरी की दुकान का सामान बिखरा हुआ देखा और तुरंत इसकी सूचना दुकान स्वामी को दी। मौके पर पहुंचकर जब दुकान की जांच की गई तो चोरी की बड़ी वारदात सामने आई।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया जाएगा।क्षेत्र में हुई इस बड़ी चोरी की घटना ने व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।












Leave a Reply