राजस्थान के झुंझुनूं में बड़ा हादसा, सड़क निर्माण के दौरान 11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आए मजदूर, 8 की मौत, 5 घायल

Spread the love

राजस्थान के झुंझुनूं में बड़ा हादसा, सड़क निर्माण के दौरान 11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आए मजदूर, 8 की मौत, 5 घायल

राजस्थान के झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी क्षेत्र के छापोली गांव में आज सोमवार सुबह सड़क निर्माण के दौरान भीषण हादसा हो गया। कदम कुंड की ओर जाने वाली सड़क का जनसहयोग से निर्माण कराया जा रहा था, तभी रोड़ी-बजरी मिलाने वाली मिक्सर मशीन का हाइड्रोलिक पाइप ऊपर से गुजर रही 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। मशीन में करंट फैलने से वहां काम कर रहे मजदूर चपेट में आ गए।

हादसे में 8 मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें 3 महिलाएं भी शामिल हैं। मृतकों की पहचान हालेड़ा मंडावरा निवासी हरिराम गुर्जर (30), मंगलचंद गुर्जर (22), कालूराम गुर्जर (29), पवन गुर्जर (23) और छापोली निवासी विष्णु सैनी (38), सुरेंद्र उर्फ सुरेश सैनी (30), मुकेश सैनी (27), फतेहचंद सैनी (32) के रूप में हुई है। घायलों को उदयपुरवाटी सीएचसी में भर्ती कराया गया है।

घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को PMNRF से 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये मुआवजे का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी शोक व्यक्त करते हुए घायलों के बेहतर उपचार और घटना की जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।