पण्डित कौन है ?//जो व्यक्ति अत्यधिक सम्पत्ति, विद्या और भोग-ऐश्वर्य को प्राप्त करके भी उद्दण्ड व्यवहार नहीं करता, वही पण्डित या प्राज्ञ कहलाता है _मनीष चन्द्र पाण्डे अयोध्या

Spread the love

🌹पण्डित कौन है ?🌹

जब धृतराष्ट्र ने राजकाज दुर्योधन को सौंप दिया , तब महात्मा विदुर ने इसका विरोध किया ।

इसी प्रसंग में उन्होंने दुष्ट और पण्डित के लक्षण बताएँ हैं ।

यहाँ पण्डित से अभिप्राय विद्वान् व सज्जन व्यक्ति है ।

जातिगत शब्द कतई नहीं ।

जिनके अन्दर ये लक्षण पाए जाते हैं, वही “पण्डित” है । पण्डित का व्याकरण में अर्थ है–“पण्डा अस्य अस्ति इति पण्डितः ।” “पण्डा” बुद्धि को कहा जाता है । यह प्रसंग महाभारत के “उद्योग पर्व” से उद्धृत है । इसे “विदुर प्रजागर” भी कहा जाता है । इसकी संख्या है—३३.१६

“निषेवते प्रशस्तानि निन्दितानि न सेवते ।
अनास्तिकः श्रद्दधानः एतत् पण्डित लक्षणम् ।।” १६ ।।

पण्डित या प्राज्ञ वह है जो जीवन में प्रशस्त लक्ष्य को चुनता है, निन्दा योग्य कर्मों में नहीं पडता है । उसके कर्मों में श्रद्धा होती है और वह ईश्वर की सत्ता में विश्वास करता है ।

“क्रोधो हरर्षश्च दर्पश्च ह्रीः स्तम्भो मान्यमानिता ।
यमर्थान्नापकर्षन्ति स वै पण्डित उच्यते ।। १७ ।।

वह जो लक्ष्य सामने रखता है , उससे क्रोध, हर्ष, गर्व, लज्जा, उद्दण्डता या सम्मान की इच्छा उसे हटा नहीं पाती । ऐसा व्यक्ति पण्डित कहा जाता है ।

“यस्य कृत्यं न विघ्नन्ति शीतमुष्णं भयं रतिः ।
समृद्धिरसमृद्धिर्वा स वै पण्डित उच्यते ।। १८ ।।

गर्मी-सर्दी, भय-अनुराग, गरीबी-अमीरी आदि बातें उसके कार्य में बाधा नहीं डाल सकती । वही पण्डित कहलाता है ।

“यस्य संसारिणी प्रज्ञा धर्मार्थावनुवर्तते ।
कामादर्थं वृणीते यः स वै पण्डित उच्यते ।। १९ ।।

पण्डित की बुद्धि संसारिणी होती है, अर्थात् वह प्रत्येक बात पर सामाजिक परिस्थिति और जीवन के दृष्टिकोण से विचार करती है । वह धर्म और अर्थ का अनुसरण करता है और भोग को छोडकर पुरुषार्थ करता है ।

“यथाशक्ति चिकीर्षन्ति यथाशक्ति च कुर्वते ।
न किञ्चिदवमन्यन्ते नराः पण्डित बुद्धयः ।। २० ।।

बुद्धिमान् व्यक्ति अपनी शक्ति के अनुसार इच्छा करते हैं और अपने सामर्थ्य के अनुसार ही कार्य करते हैं । वे किसी भी बात की अवहेलना नहीं करते ।

“क्षिप्रं विजानाति चिरं शृणोति विज्ञाय चार्थं भजते न कामात् ।
नासम्पृष्टो व्युपयुङ्क्ते परार्थे तत् प्रज्ञानं प्रथमं पण्डितस्य ।। २१ ।।

पण्डित की सबसे बडी पहचान यही है कि वह कोई बात देर तक सुनता है, किन्तु उसे जल्दी ही समझ लेता है । वह समझ-बुझकर अपने कार्यों का निश्चय करता है, कामना के वश में नहीं आता है । वह विना पूछे किसी के कार्य में हस्तक्षेप नहीं करता है ।

“नाप्राप्यमभिवाञ्छन्ति नष्टं नेच्छन्ति शोचितुम् ।
आपत्सु न मुह्यन्ति नराः पण्डितपुद्धयः ।। २२ ।।

जो वस्तु मिल नहीं सकती, उसे वह नहीं चाहता । जो नष्ट हो गया है, उसके बारे में शोक नहीं करता । वह संकटों में घिरने पर घबराता नहीं है ।

“निश्चित्य यः प्रक्रमते नान्तर्वसति कर्मणः ।
अवन्ध्य कालो वश्यात्मा स वै पण्डित उच्यते ।। २३ ।।

वह कोई निश्चय करके उस पर चलता जाता है । वह कोई काम शुरु करके बीच में रुकता नहीं । वह समय नष्ट नहीं करता और मन को वश में रखता है ।

“आर्यकर्मणि रज्यन्ते भूतिकर्मणि कुर्वते ।
हितं नाभ्यसूयन्ति पण्डिता भरतर्षभ ।। २४ ।।

वह अच्छे कामों में रुचि लेता है, उन्नति के कार्य करता है और भलाई करने वालों के दोष नहीं निकालता ।

“न हृष्यत्यात्मसम्माने नावमानेन तप्यते ।
गाङ्गो हृद इवाक्षोभ्यो यः स पण्डित उच्यते ।। २५ ।।

उसे अपने सम्मान से न तो प्रसन्नता होती है और न ही अपमान से दुःख होता है । गंगा के गहरे गड्ढे की तरह उसका चित्त क्षुब्ध नहीं होता ।

“तत्त्वज्ञः सर्वभूतानां योगज्ञः सर्वकर्मणाम् ।
उपायज्ञो मनुष्याणां नरः पण्डित उच्यते ।। २६ ।।

उसे सभी भौतिक वस्तुओं की अच्छी जानकारी होती है । वह काम करने का ढंग और मनुष्यों से व्यवहार करना जानता है ।

“प्रवृत्तवाक् चित्रकथ ऊहवान् प्रतिभानवान् ।
आशु ग्रन्थस्य वक्ता च यः स पण्डित उच्यते ।। २७ ।।

वह धाराप्रवाह बोल सकता है, तरह तरह की बातें कर सकता है, तर्क में निपुण और प्रतिभाशाली होता है वह पुस्तक की बाते जल्दी बता सकता है ।

“श्रुतं प्रज्ञानुगं यस्य प्रज्ञा चैव श्रुतानुगा ।
असम्भिन्नार्यमर्यादः पण्डिताख्यां लभेत सः ।। २८ ।।

जिसकी विद्या बुद्धि का अनुसरण करती है और बुद्धि विद्या का अनुसरण करती है । जो आर्य जीवन की मर्यादाओं को नहीं तोडता, वही पण्डित होता है ।

“अर्थं महान्तमासाद्य विद्यामैश्वर्यमेव वा ।
विचरत्यसमुन्नद्धो यः स पण्डित उच्यते ।। २९ ।।

जो व्यक्ति अत्यधिक सम्पत्ति, विद्या और भोग-ऐश्वर्य को प्राप्त करके भी उद्दण्ड व्यवहार नहीं करता, वही पण्डित या प्राज्ञ कहलाता है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *