पाकिस्तान की जानी-मानी एंकर राबिया अहसान की गोली मारकर हत्या, पति हिरासत में – कबूला जुर्म
इस्लामाबाद/रावलपिंडी। पाकिस्तान से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। रविवार को रावलपिंडी स्थित अपने घर में पाकिस्तानी न्यूज एंकर राबिया अहसान का शव मिला है। 41 वर्षीय राबिया की उनके ही बेडरूम में गोली मारकर हत्या कर दी गई।
पुलिस ने इस मामले में उनके पति अहसान ताहिर को हिरासत में ले लिया है और हत्या में इस्तेमाल संदिग्ध हथियार (पिस्तौल) को जब्त कर लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल एफआईआर की कॉपी के अनुसार, घटना रविवार दोपहर करीब 3 बजे की है।
बताया जा रहा है कि घटना के समय राबिया की मां और बहन घर के लॉन में मौजूद थीं। पाकिस्तानी न्यूज आउटलेट ‘समा’ की रिपोर्ट के मुताबिक, पति ने हत्या की बात कबूल कर ली है।
गोली की आवाज सुनकर राबिया की बहन अलविना बेडरूम की ओर दौड़ीं, तो उन्होंने राबिया को खून से लथपथ जमीन पर पड़ा पाया, जबकि उनके पति के हाथ में पिस्तौल थी। पुलिस की शुरुआती जांच में राबिया की गर्दन के नीचे और पीठ के दाईं ओर गोली लगने के निशान मिले हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।











