ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका हमला करता है तो यह संघर्ष मध्य पूर्व तक सीमित नहीं रहेगा। कई ईरानी सांसदों, सैन्य अधिकारियों ने कहा है कि अगर युद्ध शुरू होता है तो इसकी चपेट में यूरोप भी आएगा।
ईरान की सरकारी मीडिया ने तो बाकायदा यूरोपीय देशों में लक्ष्यों की पहचान तक शुरू कर दी है। यूरोप के इन जगहों को ईरान का संभावित सैन्य निशाना बताया गया है। ऐसे में ईरान युद्ध के यूरोप तक फैलने का खतरा बढ़ गया है। यूरोपीय देश पहले से ही रूस से खतरे का सामना कर रहे हैं। ऐसे में ईरान के हमले की आशंका ने उनकी चिंता को और बढ़ा दिया है।
ईरान इंटेल की रिपोर्ट के मुताबिक, सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह मोजतबा खामेनेई ने देश के तीन शीर्ष सैन्य अधिकारियों से मुलाकात के दौरान किसी भी हमले का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार करने का आदेश दिया था।
उन्होंने कहा था कि ईरान का हमला बिना किसी भौगोलिक सीमा के बड़ा, तुरंत और परिणाम देने वाला होना चाहिए। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि ईरान किसी भी हमले का जवाब पूरी क्षमता से देगा, जिसमें मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य ठिकाने और पूरा इजरायल उसका लक्ष्य होगा।











