लखनऊ में बैंककर्मी ने पत्नी और बहन की गोली मारकर हत्या की, फिर खुदकुशी

Spread the love

लखनऊ में बैंककर्मी ने पत्नी और बहन की गोली मारकर हत्या की, फिर खुदकुशी

लखनऊ के गोमतीनगर में गुरुवार दोपहर सनसनीखेज वारदात हुई। SBI में कार्यरत बताए जा रहे मानस बाजपेई ने कथित तौर पर अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा को गोमतीनगर स्थित ICICI बैंक के बाहर गोली मार दी। दिव्या बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर/असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद मानस हुसड़िया चौराहे के पास स्थित अपने घर पहुंचा। पुलिस के अनुसार उसने वहां अपनी बहन को गोली मार दी और इसके बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना में तीन लोगों की मौत हुई है।

तलाक का मुकदमा चल रहा था
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मानस और दिव्या के बीच वैवाहिक विवाद चल रहा था। दिव्या ने करीब एक साल पहले पति से तलाक के लिए अदालत में याचिका दायर की थी। पुलिस इसी विवाद समेत अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है।

हत्या से पहले लगाया था WhatsApp स्टेटस –

रिपोर्टों के अनुसार, पत्नी की हत्या के बाद मानस ने WhatsApp पर एक स्टेटस लगाया था, जिसमें उसने पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाया और बहन को भी मारने की बात लिखी थी। पुलिस इस स्टेटस और मोबाइल फोन को जांच का हिस्सा बना रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। CCTV फुटेज और घटनास्थल से मिले हथियारों सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।