बेंगलुरु में पारिवारिक विवाद में दिल दहलाने वाला हत्याकांड, कैब ड्राइवर ने पत्नी समेत ससुराल पक्ष के 7 लोगों की हत्या की
बेंगलुरु के राजाजीनगर क्षेत्र से एक अत्यंत दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, 45 वर्षीय कैब ड्राइवर इंदुशेखर ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी पत्नी सुनीता समेत ससुराल पक्ष के सात सदस्यों की हत्या कर दी। आरोपी को राजाजीनगर पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ जारी है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी का अपनी पत्नी से पिछले 20 वर्षों से वैवाहिक विवाद चल रहा था। उसे शक था कि उसकी पत्नी अपने मायके वालों के संपर्क में ज्यादा रहती है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने पिछले 15-20 दिनों में एक-एक करके सभी को पार्टी के बहाने श्रीरामपुर स्थित अपने किराए के मकान पर बुलाया और सिलबट्टे (ओखली) से सिर पर वार कर हत्या कर दी। मृतकों में उसकी पत्नी सुनीता, सास रूपावती, दो साले शिवकुमार और शंकर, उनकी पत्नियां दिव्या और नलिनी, और शिवकुमार का 7 वर्षीय मासूम बेटा पुनीत शामिल है।
आरोपी ने शवों को अपनी कैब में ले जाकर नंदी हिल्स और चिक्कबल्लापुर के आसपास अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया। मामला तब उजागर हुआ जब एक परिजन के लापता होने पर श्रीरामपुरा थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने अब तक नंदी हिल्स के पास से 7 वर्षीय पुनीत का शव बरामद कर लिया है। अन्य 6 शवों की बरामदगी के लिए तीन विशेष टीमों द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।











