लखनऊ//2027 से पहले समाजवादी पार्टी में जॉइनिंग का सिलसिला तेज, एक ही दिन में 5 जिलों के बड़े चेहरे साइकिल पर सवार।राजपाल सैनी समेत दर्जनों नेता BJP छोड़ सपा में शामिल, गोरखपुर से प्रतापगढ़ तक बदले समीकरण

Spread the love

राजपाल सैनी समेत दर्जनों नेता BJP छोड़ सपा में शामिल, गोरखपुर से प्रतापगढ़ तक बदले समीकरण

लखनऊ। 2027 से पहले समाजवादी पार्टी में जॉइनिंग का सिलसिला तेज, एक ही दिन में 5 जिलों के बड़े चेहरे साइकिल पर सवार।

पश्चिमी यूपी में भाजपा को दोहरा झटका, सैनी बिरादरी के बड़े चेहरे की वापसी
मीरापुर के सियासी समीकरण को साधने के लिए पूर्व सांसद राजपाल सैनी की सपा में वापसी कराई गई है। सैनी समाज में पकड़ रखने वाले राजपाल सैनी बसपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। उनके साथ शामली के भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरबीर मलिक, रालोद के संजीव प्रधान, राजेंद्र मलिक, विजेंद्र मलिक, शुभम मलिक, आजाद समाज पार्टी के पवन सैनी, निषाद पार्टी के शुभेंद्र आचार्य और सिवान सैनी भी शामिल हुए। सूत्रों के मुताबिक मीरापुर से राजपाल सैनी को टिकट तय माना जा रहा है।

गोरखपुर में रवि किशन का तंज पड़ा उल्टा, पार्षद ने सच में थामा साइकिल का दामन
गोरखपुर नगर निगम के भाजपा पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी सोनू के सपा में जाने की कहानी फिल्मी है। 2 सितंबर को जलभराव की शिकायत पर सांसद रवि किशन ने फोन पर कहा था – “सपाई हो गए हो क्या, सपा ज्वाइन कई लेहला का?” इस तंज के बाद नगर निगम में उनकी अनदेखी बढ़ गई। आखिरकार उन्होंने भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े के मनाने के बावजूद सपा प्रमुख से लखनऊ में मुलाकात की। अखिलेश ने सहजनवां से उन्हें टिकट का आश्वासन दिया है।

राजा भैया के गढ़ कुंडा में अखिलेश की सेंधमारी, बाबागके पूर्व प्रत्याशी भी सपा में शामिल
प्रतापगढ़ की सबसे हॉट सीट कुंडा और बाबागंज पर सपा ने जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया को घेरने की तैयारी शुरू कर दी है। कुंडा के पूर्व भाजपा प्रत्याशी योगेंद्र नाथ मिश्रा और बाबागंज के पूर्व भाजपा प्रत्याशी केशव पासी आज सपा में शामिल हो गए। इससे पहले अपना दल के विधायक आर.के. वर्मा और रानीगंज के पूर्व विधायक भी सपा में आ चुके हैं।

गोंडा और मुरादाबाद में भी समीकरण बदले, बृजभूषण के करीबी ब्लॉक प्रमुख समेत पूर्व विधायक सपा में
गोंडा के कटरा बाजार के ब्लॉक प्रमुख भवानी भीख शुक्ला, जिन्हें पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का करीबी माना जाता है, अपने पांच बेटों के साथ सपा में आए। मुरादाबाद से पूर्व भाजपा विधायक राजीव चन्ना और मनमोहन सैनी ने सदस्यता ली। मुरादाबाद नगर में पिछले चुनाव में भाजपा 782 वोट से ही जीती थी, ऐसे में यह जॉइनिंग निर्णायक साबित हो सकती है।

अखिलेश यादव का हमला – भाजपा सीधे चुनाव नहीं जीत सकती, इसलिए चुनाव आयोग से वोट चोरी करा रही
नए साथियों का स्वागत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा – “भाजपा की जनविरोधी नीतियों से लोग त्रस्त हैं, इसीलिए सभी वर्ग सपा की तरफ आ रहे हैं। ये तो अभी शुरुआत है, आने वाले समय में बड़ी संख्या में विधायक भी हमारे साथ आएंगे। भाजपा चुनाव सीधे नहीं जीत सकती तो मतदाता सूची (SIR/SSR) के नाम पर वोट चोरी कर रही है, लेकिन PDA परिवार इस साजिश को कामयाब नहीं होने देगा।”