सेवा और समाज के प्रति समर्पण को मिला सम्मान, 8 विभूतियों को मिला ‘देवघर सेवा रत्न’
सैल्यूट तिरंगा झारखंड का स्थापना दिवस सह सम्मान समारोह संपन्न
देवघर। प्रवेश गुप्ता दर्शन समीक्षा
सैल्यूट तिरंगा झारखंड के तत्वावधान में शुक्रवार को देवघर में स्थापना दिवस सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली आठ विभूतियों को ‘देवघर सेवा रत्न सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हजारीबाग के पूर्व सांसद डॉ. यदुनाथ पाण्डेय रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में पूर्व मंत्री राज पलिवार एवं देवघर के पूर्व विधायक नारायण दास उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सैल्यूट तिरंगा झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष रवि शंकर तिवारी ने की।
समारोह में सैल्यूट तिरंगा संगठन की ओर से राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रमोद मिश्रा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुनी झा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. ए.के. लाल, राष्ट्रीय सचिव शीला भारती एवं राष्ट्रीय सचिव बिजया सिंह बबली सहित संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान समाज और जनसेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए स्वर्गीय सुरनाथ झा, युधिष्ठिर राय, रीता चौरसिया, देव दत्त रेणु, डॉ. के. पल्लवी, सूरज झा, डॉ. एन.डी. मिश्रा एवं बाबा बलियासे को ‘देवघर सेवा रत्न सम्मान’ प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाली विभूतियों के योगदान को अतिथियों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने सराहा।
मुख्य अतिथि डॉ. यदुनाथ पाण्डेय ने कहा कि समाज में निस्वार्थ भाव से सेवा करने वाले लोगों का सम्मान नई पीढ़ी को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति प्रेरित करता है। उन्होंने सैल्यूट तिरंगा द्वारा सेवा कार्यों को सम्मानित करने की पहल की सराहना की।
विशिष्ट अतिथि राज पलिवार एवं नारायण दास ने भी समाजसेवियों को सम्मानित किए जाने को महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि जनसेवा के क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों को सम्मान मिलने से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए रवि शंकर तिवारी ने कहा कि सैल्यूट तिरंगा झारखंड राष्ट्रसेवा, समाजसेवा और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि ‘देवघर सेवा रत्न सम्मान’ उन लोगों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रयास है, जिन्होंने अपने कार्यों से समाज में सकारात्मक योगदान दिया है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा ममता गुप्ता, प्रदेश संगठन महामंत्री रुद्र शंकर शर्मा, हेमंत झा, उत्तम साह, कमल कश्यप, विनय तिवारी, प्रभाष गुप्ता, संध्या, कुसुम, अलका, सुमन केसरी सहित सैल्यूट तिरंगा के अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने समाजसेवा, राष्ट्रसेवा एवं जनहित के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन सम्मानित विभूतियों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त करते हुए किया गया।











