प्राथमिक विद्यालय बाघू में अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस पर हुआ बुजुर्गों का सम्मान
बुजुर्गों का सम्मान ही भारतीय संस्कृति की पहचान है – डॉ भरत झा
बागपत, उत्तर प्रदेश। विवेक जैन। दर्शन समीक्षा
अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर प्राथमिक विद्यालय बाघू, जनपद बागपत में वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के संयोजक डॉ भरत झा ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बुजुर्गों के प्रति सम्मान, संवेदना और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना तथा उनके अनुभवों और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम में क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। इस अवसर पर ग्राम प्रधान सुरेंद्र कुमार ने कहा कि बुजुर्ग – परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन का अनुभव नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण स्रोत है। विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक डॉ सतीश कुमार ने कहा कि भारतीय संस्कृति में सदैव वरिष्ठजनों के सम्मान और उनके आशीर्वाद को विशेष स्थान दिया गया है। समारोह में वरिष्ठ नागरिकों ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए और समाज एवं युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी संदेश दिए। विद्यालय के छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। उपस्थित लोगों ने बुजुर्गों की गरिमा, सुरक्षा और सम्मान बनाए रखने का संकल्प लिया। ग्राम प्रधान सुरेंद्र कुमार ने शिक्षक डॉ भरत झा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पहली बार इस तरह का कार्यक्रम विद्यालय में रखा गया है। कहा कि भरत झा और अन्य शिक्षकों के मार्गदर्शन में छात्र अपने गांव का नाम रोशन कर रहे हैं। कार्यक्रम के संयोजक डॉ भरत झा ने कहा कि बुजुर्ग हमारे अनुभव और संस्कारों के संरक्षक हैं, उनका सम्मान केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी है। सर्वपालक संस्था की और से भी डा भरत झा के प्रयासों की सराहना की गयी। इस अवसर पर महामहिम राष्ट्रपति जी एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार विपुल जैन, सुभाष चन्द्र दरोगा, जगदीश प्रसाद, किरणपाल, रफीक अहमद, रशीद, मेहरदीन आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।











