पाकिस्तान के F-16 को गिराने वाले अभिनंदन ने छोड़ी वायुसेना, ज्वाइन की प्राइवेट एयरलाइन
नई दिल्ली। 27 फरवरी, 2019 को लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) के ऊपर हुई डॉगफाइट के दौरान पाकिस्तानी F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराने वाले और वीर चक्र से सम्मानित ग्रुप कैप्टन अभिनंदन ने भारतीय वायु सेना छोड़ दी है और एक प्राइवेट एयरलाइन जॉइन कर ली है।
अधिकारियों ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि उन्होंने 31 मार्च को वायुसेना को छोड़ दिया और बाद में रीजनल एयरलाइन Fly91 से जुड़ गए। अभिनंदन जिस हवाई लड़ाई (डॉगफाइट) में शामिल थे, वह घटना IAF के मिराज-2000 विमानों द्वारा पाकिस्तान के बालाकोट में ठिकानों पर हमले के एक दिन बाद हुई थी। यह हमला कश्मीर में 14 फरवरी 2019 को हुए पुलवामा आत्मघाती हमले के जवाब में किया गया था, जिसमें सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) के 40 जवान मारे गए थे। उस समय वे विंग कमांडर थे।











