यूपी//रूधौली थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी समारोह के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब जयमाल की रस्म पूरी होने के बाद दुल्हन अचानक लापता हो गई। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला, जिसके चलते शादी नहीं हो सकी और बारात बिना विवाह के वापस लौट गई
बताया गया कि गुरुवार रात बारात धूमधाम से गांव पहुंची थी। बारातियों का स्वागत-सत्कार किया गया और द्वारपूजा के बाद जयमाल की रस्म भी संपन्न हुई। दूल्हा-दुल्हन ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और दोनों पक्षों ने फोटो भी खिंचवाए। इसके बाद दुल्हन अपने कमरे में चली गई, जबकि बाराती भोजन करने लगे और विवाह की अगली रस्मों की तैयारी शुरू हो गई।
कुछ देर बाद जब परिजन दुल्हन को मंडप में लाने पहुंचे तो वह कमरे में नहीं मिली। परिवार के लोगों ने घर और आसपास काफी तलाश की। इसी दौरान पता चला कि दुल्हन छत के रास्ते कहीं चली गई है। उसके गायब होने की जानकारी मिलते ही दोनों पक्षों में अफरा-तफरी मच गई।
दुल्हन के पिता ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती की तलाश शुरू कर दी। बाद में दोनों पक्ष रूधौली थाने पहुंचे और घटना की जानकारी दी। दुल्हन के नहीं मिलने पर विवाह की रस्में रद्द कर दी गईं और बारात बिना शादी के वापस लौट गई।
पुलिस का कहना है कि मामले की जानकारी मिली है। युवती की तलाश की जा रही है तथा परिजनों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी
सोर्स:लाइव हिंदुस्तान












Leave a Reply