J & K //श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट द्वारा नशा मुक्ति जम्मू-कश्मीर अभियान के अंतर्गत ऐतिहासिक जन-जागरूकता पद यात्रा का भव्य आयोजन, युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों एवं क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिए

Spread the love

बाबा बल्लो जी देवस्थान मथवार के महंत बाबा यशपाल जी महाराज एवं संजीव वर्मा ने नशा मुक्त पद यात्रा को दिखाई हरी झंडी

“नशा मुक्ति जम्मू-कश्मीर अभियान” के अंतर्गत ऐतिहासिक जन-जागरूकता पद यात्रा का भव्य आयोजन

श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट ने किया कार्यक्रम।

युवाओं ने लिया संकल्प — “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”

जम्मू, 12 मई 2026: (दर्शन समीक्षा)
जम्मू-कश्मीर के माननीय उपराज्यपाल जी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे “नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान” के अंतर्गत 100 दिवसीय जन-जागरूकता कार्यक्रम के तहत आज श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट की तरफ से नगरोटा विधानसभा क्षेत्र में एक विशाल, प्रेरणादायक एवं ऐतिहासिक पद यात्रा का भव्य आयोजन किया गया।

जंडियाल चौक से आरएमजी इंटरनेशनल स्कूल, जंडियाल, जम्मू तक आयोजित इस जन-जागरण यात्रा में युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों एवं क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशे के विरुद्ध एकजुटता का सशक्त संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा बल्लो जी देवस्थान मथवार के महंत बाबा यशपाल जी महाराज एवं श्री संजीव वर्मा, आईएएस, मुख्य निर्वाचन अधिकारी जम्मू-कश्मीर द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।
पूरे क्षेत्र में “नशा छोड़ो – जीवन जोड़ो” और “युवा बचाओ – भविष्य बचाओ” जैसे गगनभेदी नारों से वातावरण गूंज उठा। हाथों में जागरूकता तख्तियां एवं बैनर लिए युवाओं ने समाज को यह संदेश दिया कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के भविष्य को भी खोखला कर देता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता बाबा बल्लो जी देवस्थान मथवार के महंत बाबा यशपाल जी महाराज ने की। उन्होंने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होती है और यदि युवा नशे की गिरफ्त में आ जाएं तो समाज का भविष्य अंधकारमय हो जाता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे संस्कार, शिक्षा, आध्यात्मिकता एवं राष्ट्रसेवा के मार्ग को अपनाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनें।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री संजीव वर्मा, आईएएस, मुख्य निर्वाचन अधिकारी जम्मू-कश्मीर ने कहा कि नशा आज समाज के सामने एक गंभीर सामाजिक और नैतिक चुनौती बन चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता है, ताकि प्रत्येक परिवार और प्रत्येक युवा इस मुहिम से जुड़ सके। उन्होंने इस प्रकार के जन-जागरूकता अभियानों को समाज के लिए अत्यंत आवश्यक बताते हुए आयोजकों की सराहना की।

इस सफल आयोजन का नेतृत्व महंत रोहित शास्त्री (स्टेट अवॉर्डी), श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट द्वारा किया गया। अपने संबोधन में महंत रोहित शास्त्री ने कहा कि “नशे के विरुद्ध यह केवल एक अभियान नहीं, बल्कि समाज और आने वाली पीढ़ियों को बचाने का महाअभियान है। जब तक समाज का प्रत्येक नागरिक इस लड़ाई में सहभागी नहीं बनेगा, तब तक नशा मुक्त भारत का सपना अधूरा रहेगा।” उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, प्रशासनिक अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों, युवाओं एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।
महंत रोहित शास्त्री ने आगे कहा कि जागरूक और सशक्त युवा ही विकसित राष्ट्र की पहचान होते हैं। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज का निर्माण केवल कानून या प्रशासनिक प्रयासों से संभव नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी से ही यह सपना साकार होगा।
इस अवसर पर एसपी रूरल श्री रविंदर सिंह,तहसीलदार भलवाल मोनिका शर्मा
डीएसपी वरिंदर गुप्ता, पूर्व बीडीसी कुलदीप कुमार, पूर्व सरपंच प्रताप सिंह,पूर्व सरपंच बलबीर सिंह, पूर्व सरपंच संजीव सिंह, पूर्व सरपंच अंजली शर्मा,पूर्व सरपंच वंदना कुमारी, पूर्व सरपंच राजदेव सिंह, मोना गुप्ता, के डी सिंह, अमन शर्मा, उत्तम चंद शर्मा, प्रमोद शर्मा, एम एल वर्मा, अशोक शर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने युवाओं के उत्साह एवं समाज में जागरूकता फैलाने के इस प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना की।
पद यात्रा के दौरान विद्यार्थियों एवं युवाओं ने नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित संदेशों के माध्यम से समाज को जागरूक किया तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र में सामाजिक चेतना और जन-जागरण का वातावरण निर्मित किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में आरएमजी इंटरनेशनल स्कूल, जंडियाल, जम्मू के एमडी श्री रोहित गुप्ता जी का विशेष योगदान रहा। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों का दायित्व केवल शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, नैतिक मूल्यों एवं राष्ट्रहित की भावना विकसित करना भी है।
यह भव्य पद यात्रा न केवल एक जन-जागरूकता कार्यक्रम बनी, बल्कि समाज को नशे के विरुद्ध एकजुट करने वाला प्रेरणादायी जनआंदोलन सिद्ध हुई। कार्यक्रम ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि यदि समाज, प्रशासन और युवा शक्ति एकजुट हो जाएं, तो नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर का सपना अवश्य साकार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *