जम्मू कश्मीर //श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट द्वारा नशा मुक्ति जन-जागरूकता पदयात्रा भलवाल में सफलतापूर्वक आयोजित

Spread the love

प्रेस विज्ञप्ति

नशा मुक्ति जन-जागरूकता पदयात्रा भलवाल में सफलतापूर्वक आयोजित

युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामूहिक प्रयास समय की आवश्यकता : संजीव वर्मा (आईएएस)

नशा मुक्त समाज निर्माण के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी : महंत रोहित शास्त्री

जम्मू, 7 मई 2026 : (दर्शन समीक्षा)

जम्मू-कश्मीर में नशा मुक्ति के प्रति जन-जागरूकता को मजबूत करने के उद्देश्य से आज भलवाल क्षेत्र में एक विशाल जन-जागरूकता पदयात्रा का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महामहिम उपराज्यपाल श्री मनोज सिन्हा जी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे “नशा मुक्ति जम्मू-कश्मीर अभियान” के अंतर्गत आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट द्वारा किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों, युवाओं, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यह जागरूकता पदयात्रा भलवाल चौक से प्रारंभ होकर एस. डी. मेमोरियल स्कूल करवांडा (जम्मू नॉर्थ विधानसभा) तक निकाली गई। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने “नशा छोड़ो – जीवन जोड़ो”, “युवा बचाओ – भविष्य बचाओ” तथा “नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर – हमारा संकल्प” जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से समाज को जागरूक करने का संदेश दिया। पदयात्रा के दौरान युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा लोगों ने नशे के खिलाफ एकजुट होकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एवं जम्मू-कश्मीर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजीव वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि नशा आज समाज के लिए एक गंभीर सामाजिक और मानसिक चुनौती बन चुका है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होती है और यदि युवा वर्ग नशे की गिरफ्त में आता है तो समाज और देश दोनों का भविष्य प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे जन-जागरूकता अभियानों से समाज में सकारात्मक सोच विकसित होती है तथा युवाओं को सही दिशा मिलती है। उन्होंने सभी सामाजिक संस्थाओं, अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की कि वे नशे के खिलाफ चल रहे इस अभियान को जन आंदोलन बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रोहित शास्त्री ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को नशे से बचाना सबसे बड़ी सामाजिक जिम्मेदारी है और इसके लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा। महंत रोहित शास्त्री ने कहा कि ट्रस्ट लगातार सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित कर रहा है और आगे भी नशा मुक्ति, युवा जागरूकता एवं सामाजिक सुधार के लिए इसी प्रकार के अभियान जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज को जागरूक करने और युवाओं को सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करने का एक सशक्त प्रयास है।
उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे अपने आसपास के लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें तथा स्वस्थ और संस्कारित समाज के निर्माण में सहयोग दें। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने युवाओं को खेल, शिक्षा, योग, संस्कृति और सामाजिक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर बैंक के पूर्व चेयरमैन एवं वर्तमान बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स सदस्य आर. के. छिब्बर, एसडीएम नॉर्थ दीपक कुमार, एसपी रूरल रविंदर सिंह, तहसीलदार भलवाल मोनिका शर्मा, पूर्व वीडीसी कुलदीप कुमार, पूर्व सरपंच अंजली शर्मा, पूर्व सरपंच राजदेव सिंह, पूर्व सरपंच वंदना कुमारी, राकेश गंडोत्रा, एसएचओ गरोटा, भूषण जामवाल, के डी सिंह लक्की शर्मा, राजन सिंह हैप्पी, डॉ जय पाल सिंह, निहाल सिंह, फकीर सिंह, बॉबी सिंह, उत्तम चंद शर्मा, प्रमोद शर्मा, एम. एल. वर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय नागरिकों का धन्यवाद व्यक्त करते हुए नशा मुक्त समाज निर्माण के लिए निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *