अफसर की कुर्सी के आगे बेबस दिव्यांग को सिर्फ नसीब हुई जमीन…
शामली समाचार
शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एक दिव्यांग महिला को व्हीलचेयर नहीं मिलने से पीडित महिला कलेक्ट्रेट में रेंगते हुए अपनी फरियाद लेकर पहुंची। मीडिया कर्मियों द्वारा फोटो खींचने के बाद व्हीलचेयर लाई गई, लेकिन इससे पूर्व घंटे दिव्यांग महिला जमीन पर बैठी अधिकारियों के पहुंचने का इंतजार करती रही।
देश के प्रधानमंत्री की लोकसभा सीट बनारस है, वहीं की रहने वाली दिव्यांग महिला जुगनी उर्फ जुली की करीब 20 वर्ष पहले जिला शामली के कस्बा बनत निवासी राजकुमार के साथ शादी हुई थी। आरोप है कि पति आये दिन छोटी छोटी बातों को लेकर उसके साथ मारपीट करता है। जिसको लेकर उसके पैर में गंभीर चोटे भी आई है। दिव्यांग महिला रेंगते हुए आज शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस में शामली पहुंची। दिव्यांग महिला को कई सीढिया चढनी पडी, लेकिन उसको व्हीलचेयर नहीं मिल सकी, यही नही कलक्ट्रेट सभागार में चल रही समाधान दिवस में शिकायत देने से पहले वह बाहर काउंटर पर पहुंची, वहां भी बैठे कर्मचारी अपने मोबाईल फोन में लगे रहे और महिला जमीन पर बैठी रही। मीडिया कर्मियों द्वारा महिला का फोटो खींचा गया तो उसके बाद कर्मचारी जागे और व्हीलचेयर लाकर उसको बैठाया गया। बाद में उसने अपना शिकायती पत्र देकर कार्यवाही करने की गुहार लगाई है।