नशे के आदी इकलौते बेटे ने संपत्ति के लालच में पिता की गोली मारकर हत्या कर दी।

Spread the love

सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव जलालपुर पनवारा में नशे के आदी इकलौते बेटे ने संपत्ति के लालच में पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात सोमवार की देर रात ढाई बजे हुई। परिजनों ने शुरू में पुलिस को बदमाशों द्वारा हत्या करने की सूचना दी थी पर सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर सारा मामला साफ हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद आरोपी बेटे सौरभ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। तब उसने जुर्म स्वीकार किया
गांव जलालपुर पनवारा में नरेंद्र पाल (50) की रात में गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सुबह साढ़े चार बजे नरेंद्र पाल के भाई मुन्नूलाल ने पुलिस को हत्या की सूचना दी। तब एसपी विनोद कुमार, एएसपी अजय कुमार, सीओ सिटी अभिषेक प्रताप अजेय, कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों ने पूछताछ की। पत्नी ने बताया कि उन्होंने गोली की आवाज भी सुनी थी।

घटना के बाद सदर कोतवाल ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में घटना के पहले और बाद में एक ऑटो नजर आया, जिसे नरेंद्र का इकलौता बेटा सौरभ चला रहा था। इसी आधार पर पुलिस ने सौरभ को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान सौरभ ने स्वीकार किया कि वह नशे का आदी है और पिछले एक साल से पिता से बोलचाल बंद थी। वह लगातार पिता से संपत्ति अपने नाम करने और पैसे की मांग करता रहता था। तीन दिन पहले ऑटो की किस्त के लिए 10 हजार रुपये मांगने पर बाप-बेटे में विवाद भी हुआ था। पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली मारकर हत्या की पुष्टि हुई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। – विनोद कुमार, पुलिस अधीक्षक

सोर्स :अमर उजाला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *