आत्महत्या का दावा निकला झूठा, पत्नी और बेटी ने की थी हत्या
हरिद्वार। कोतवाली श्यामपुर क्षेत्र के ग्राम लाहडपुर में सामने आए बबलू हत्याकांड में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। यह आत्महत्या नहीं, जांच में मामला हत्या का निकला। पुलिस ने मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नाबालिग बेटी को संरक्षण में लिया गया है।
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस के अनुसार, 02 अप्रैल को ग्राम लाहडपुर निवासी पूजा नामक महिला ने कोतवाली श्यामपुर में सूचना दी थी कि उसके पति बबलू ने शराब के नशे में कोई जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए और पंचनामा भरते हुए फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी की गई। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ।
इसी दौरान मृतक के भाई राजू ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया कि उसके भाई की पत्नी, बेटी और एक अन्य युवक ने मिलकर बबलू की गला घोंटकर हत्या की है। शिकायत के आधार पर कोतवाली श्यामपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए। इसी क्रम में मृतक के बच्चों से भी जानकारी ली गई। मृतक के बेटे ने बताया कि उसकी मां और बहन ने रात में तकिये से मुंह दबाकर उसके पिता की हत्या की थी। पुलिस पूछताछ में पत्नी और नाबालिग बेटी ने सनसनीखेज खुलासा किया। उन्होंने बताया कि उनके अन्य लोगों से अवैध संबंधों की जानकारी होने पर बबलू अक्सर शराब पीकर मारपीट करता था। इससे परेशान होकर दोनों ने बबलू को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। योजना के तहत घटना वाले दिन बबलू को शराब में नींद की दवा मिलाकर पिला दी गई। जब वह गहरी नींद में सो गया तो उसके हाथ-पैर दुपट्टों से बांध दिए गए और तकिये से मुंह को दबा के मार दिया गया
स्क्रिप्ट:तौफीक अंसारी












Leave a Reply