निःशुल्क चिकित्सा शिविर एवं जम्मू-कश्मीर सांस्कृतिक महोत्सव 31 मार्च मंगलवार को
जम्मू कश्मीर :- श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट द्वारा 31 मार्च 2026 को मिश्रीवाला स्थित माजेस्टिक ग्रैंड बैंक्वेट रिज़ॉर्ट में “जम्मू एवं कश्मीर सांस्कृतिक महोत्सव” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम प्रातः 11 बजे आरंभ होगा,जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। कार्यक्रम की अध्यक्षता परम पूज्य स्वामी अवधेशानंद गिरि जी महाराज करेंगे, जबकि जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा जी मुख्य अतिथि के रूप में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य जम्मू एवं कश्मीर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक कला, पारंपरिक संगीत, नृत्य और रीति-रिवाजों को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय कलाकारों द्वारा विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जो प्रदेश की बहुरंगी सांस्कृतिक पहचान को दर्शकों के समक्ष प्रस्तुत करेंगी। यह आयोजन सांस्कृतिक एकता, सामाजिक समरसता और पारंपरिक मूल्यों के संरक्षण का एक सशक्त मंच प्रदान करेगा।
महोत्सव के साथ-साथ सामाजिक सेवा को प्राथमिकता देते हुए निःशुल्क चिकित्सा शिविर (मेडिकल कैंप) का भी आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में आम नागरिकों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य जांच, परामर्श एवं आवश्यक दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अतिरिक्त, किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए एक “किसान मेला” भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीज, सरकारी योजनाओं और कृषि से जुड़े संसाधनों की जानकारी दी जाएगी।
इस कार्यक्रम का आयोजन श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष, स्टेट अवॉर्डी महंत रोहित शास्त्री जी के नेतृत्व में किया जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने में श्री माता वैष्णो देवी नारायण सुपरस्पेशियालिटी हॉस्पिटल का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है, जिनके द्वारा निःशुल्क चिकित्सा शिविर का संचालन किया जाएगा।
आयोजकों ने क्षेत्र के नागरिकों, कलाकारों, किसानों एवं सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे इस महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाएं और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण एवं सामाजिक सेवा के इस प्रयास में सहभागी बनें।












Leave a Reply