रमजान के तीसरे जुमे पर मस्जिदों में उमड़ी नमाजियों की भीड़, अमन-चैन की मांगी दुआ
सहारनपुर । पवित्र माह रमजान के तीसरे जुमे पर जनपद की मस्जिदों में अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही नमाजियों का मस्जिदों की ओर आना शुरू हो गया था। जुमे की नमाज के दौरान लाखों नमाजियों ने विभिन्न मस्जिदों में एक साथ सजदा कर मुल्क की तरक्की, खुशहाली और अमन-चैन के लिए दुआ मांगी।
शहर की प्रमुख मस्जिदों में नमाज के दौरान रौनक देखने को मिली, जामा मस्जिद सहित अन्य मस्जिदों में नमाजियों की बड़ी संख्या मौजूद रही। जामा मस्जिद के शाही इमाम ने अपने खुत्बे में रमजान की अहमियत पर रोशनी डालते हुए कहा कि यह महीना सब्र, इंसानियत और भाईचारे का पैगाम देता है। उन्होंने लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने, जरूरतमंदों की मदद करने और समाज में शांति कायम रखने की अपील की।
नमाज के बाद अकीदतमंदों ने देश में सुख-शांति, तरक्की और भाईचारे के लिए दुआ की। इस दौरान मस्जिदों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल भी तैनात रहा, जिससे नमाजियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। रमजान के इस मुबारक मौके पर शहर का माहौल पूरी तरह इबादत और आध्यात्मिकता से सराबोर नजर आया।












Leave a Reply