वाराणसी // आशापति शास्त्री नेविश्वविद्यालय प्रेस व्यवस्थापक का कार्यभार ग्रहण किया

Spread the love


आशापति शास्त्री ने प्रेस व्यवस्थापक का कार्यभार ग्रहण किया

वाराणसी। (दर्शन समीक्षा)
आशापति शास्त्री ने विश्वविद्यालय प्रेस में प्रेस व्यवस्थापक के रूप में विधिवत् कार्यभार ग्रहण किया। उनके दायित्व ग्रहण करने से प्रशासनिक एवं तकनीकी कार्यों में नवीन ऊर्जा का संचार हुआ है।
उल्लेखनीय है कि वे वर्ष 2005 में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर नियुक्त हुए थे। अपनी कर्मनिष्ठा, तकनीकी दक्षता एवं अनुशासित कार्यशैली के कारण उन्होंने संस्थान में विशिष्ट पहचान बनाई। उनके उत्कृष्ट कार्यों को दृष्टिगत रखते हुए मानव संसाधन विकास मंत्रालय द्वारा संचालित अखिल भारतीय सर्वेक्षण का प्रभारी दायित्व भी उन्हें सौंपा गया, जिसका वे वर्तमान में सफलतापूर्वक निर्वहन कर रहे हैं।
पिछले छह वर्षों से वे गोपनीय मुद्रण प्रभारी के रूप में प्रश्नपत्रों के मुद्रण एवं सुरक्षा संबंधी समस्त कार्यों का संचालन अत्यंत सावधानी और पारदर्शिता के साथ कर रहे हैं। परीक्षा व्यवस्था की गोपनीयता एवं समयबद्धता बनाए रखने में उनका योगदान सराहनीय रहा है।
कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने कहा कि वर्तमान आधुनिक युग में कंप्यूटरीकरण एवं तकनीकी उन्नयन अत्यंत आवश्यक है। यह प्रेस उत्तर प्रदेश की एकमात्र ऐसी संस्था है जो अपने प्रश्नपत्रों का मुद्रण स्वयं करती है,जो विश्वविद्यालय की स्वायत्तता एवं विश्वसनीयता का प्रतीक है। उन्होंने प्रेस को पूर्णतः आधुनिक तकनीकों से सुसज्जित करने हेतु एक नवीन कार्ययोजना तैयार करने और कार्य को गति प्रदान करने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर उन्होंने माननीय कुलपति, कुलसचिव, प्रेस प्रभारी एवं परीक्षा नियंत्रक के प्रति आभार प्रकट किया कि उन्होंने उन पर विश्वास व्यक्त करते हुए यह महत्त्वपूर्ण दायित्व सौंपा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे प्रशासन की अपेक्षाओं पर पूर्णतः खरे उतरने का प्रयास करेंगे तथा संस्था को प्रगति एवं उत्कृष्टता के पथ पर अग्रसर करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *