देहरादून // दिनदहाड़े सनसनीखेज हत्या, सेना के कर्नल के बेटे को सीने में मारी गोली ,मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है, जो जीएमएस रोड स्थित भारत गैस एजेंसी के मालिक बताए जा रहे हैं

Spread the love

देहरादून में दिनदहाड़े सनसनीखेज हत्या, सेना के कर्नल के बेटे को सीने में मारी गोली

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। धामी सरकार में अपराधियों के बेखौफ होने का एक और मामला उजागर हुआ है। तिब्बती मार्केट और परेड ग्राउंड के पास दिनदहाड़े सेना के एक कर्नल के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है, जो जीएमएस रोड स्थित भारत गैस एजेंसी के मालिक बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार अर्जुन शर्मा परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने आए थे। खेल समाप्त करने के बाद जब वह वापस लौट रहे थे, तभी स्कूटी सवार दो युवकों ने उन पर फायरिंग कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने बेहद नजदीक से अर्जुन शर्मा के सीने में गोली मारी, जिससे मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जिस स्थान पर यह वारदात हुई, वहां से पुलिस मुख्यालय महज करीब 500 मीटर की दूरी पर है, जबकि देहरादून प्रेस क्लब भी घटनास्थल से चंद कदमों पर स्थित है। इसके बावजूद अपराधी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है।
दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस हत्या से शहर में दहशत का माहौल है और राजधानी की कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *