*जयपुर: भजनलाल सरकार ने दिया एक और बड़ा झटका, अब 50 हजार भर्ती को किया रद्द, जानिए पूरा मामला*
*Dec 27, 2023 09:26:28 am*
*जयपुर:* राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्ववर्ती सरकार की योजनाएं बंद नहीं करने की घोषणा करने के बाद राज्य सरकार ने पहले राजीव गांधी युवा मित्र इन्टर्नशिप कार्यक्रम बंद किया और अब 50 हजार महात्मा गांधी सेवा प्रेरकों की भर्ती को रद्द कर दिया। पूर्ववर्ती सरकार के प्रोजेक्ट्स शुरू करने पर पहले ही रोक लगा दी गई थी।
शांति एवं अहिंसा विभाग की ओर से 13 अगस्त को 50 हजार महात्मा गांधी सेवा प्रेरकों की भर्ती निकाली गई थी। जिसके आदेश को राज्य सरकार ने मंगलवार को वापस ले लिया। इस भर्ती की बजट में घोषणा की गई थी। इन सेवा प्रेरकों को प्रदेश में महात्मा गांधी के शांति एवं सद्भाव का संदेश घर—घर पहुंचाने के लिए नियुक्त किया जाना था। इनको प्रत्येक गांव एवं शहरी वार्ड में महात्मा गांधी पुस्तकालयों एवं संविधान केन्द्रों का संचालन भी करना था।
वहीं दूसरी तरफ राजस्थान में नई भजनलाल सरकार आने के बाद पहली भर्ती परीक्षा 7 जनवरी को होगी। पेपर लीक की घटनाओं के बीच आरपीएससी के साथ पुलिस और प्रशासन का भी इम्तिहान होगा। आरपीएससी सात जनवरी को पीटीआई, लाइब्रेरियन व होमसाइंस लेक्चर की भर्ती के लिए लिखित परीक्षा करवा रहा है। परीक्षा पीटीआई के 247, लाइब्रेरियन के 247 और होम साइंस लेक्चरर के 39 पदों के लिए होगी।
*602 सेंटर पर 1.98 लाख अभ्यर्थी बैठेंगे:* सबसे अधिक जयपुर में 180 सेंटर होंगे। पेपर लीक जैसी घटना को रोकने के लिए परीक्षा सात सम्भाग मुख्यालयों पर ही आयोजित की जाएगी। परीक्षा केन्द्र पर मोबाइल पर रोक रहेगी। यह रोक अफसर और स्टाफ पर भी मान्य होगी।